कसया/सपहा। कसया थाना क्षेत्र के एनएच-28 पर शुक्रवार को कसया ओवरब्रिज के समीप मल्लूडीह की ओर जा रही ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से अनियंत्रित प्राइवेट एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज हुई कि सरिया लदा ट्रैक्टर पलट गया।
इस हादसे में एंबुलेंस और ट्रैक्टर पर सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों को लोगों ने कसया सीएचसी पर पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज हुआ। बिहार के मधुबनी जिले लखनौर थाना क्षेत्र के कछुआ निवासी 46 वर्षीय सुनीला देवी, 28 वर्षीय बबिता देवी, 30 वर्षीय ओम शर्मा 30 दिल्ली से शव लेकर एंबुलेंस से घर जा रहे थे।
एंबुलेंस कसया ओवरब्रिज के पास पहुंची थी कि सरिया लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से टकरा गई। टक्कर लगने के बाद ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया और एंबुलेंस में सवार तीनों लोग घायल हो गए, जबकि ट्रैक्टर पर सवार कसया थाना क्षेत्र के मैनपुर दीनापट्टी गांव निवासी 19 वर्षीय चंदन और 25 वर्षीय जयकिशन प्रसाद घायल हो गए।
हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एंबुलेंस चालक को छपकी आने से हादसा हुआ। सूचना पर आई पुलिस ने घायलों को एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा और सड़क से ट्रैक्टर को हटवाकर आवागमन बहाल कराया। संवाद