किशोरी के अपहरण का आरोप, पिता ने दी तहरीर
खड्डा। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर आरोप लगाया है कि उसकी 16 साल की बेटी का पड़ोस के युवक ने अपहरण कर लिया है। व्यक्ति ने कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित पिता की तरफ से हनुमानगंज पुलिस को दी गई तहरीर में लिखा है कि शुक्रवार की देर रात वह जगने के बाद देखा कि जिस कमरे में बच्चे सो रहे थे, उसका फाटक खुला था। जब वह अंदर पहुंचा तो अन्य बच्चे सो रहे थे, लेकिन 16 वर्षीय बेटी मौजूद नहीं थी। इधर-उधर ढूंढे, लेकिन उसका पता नहीं चला। पड़ोस का एक युवक अक्सर घर आता जाता था।
उसी रात उसके घर पहुंच कर पूछा तो युवक के घरवाले टाल-मटोल करते हुए बताए कि युवक घर पर नहीं है। शनिवार को लापता किशोरी के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में पड़ोसी युवक को नामजद करते हुए अपहरण का आरोप लगाया। उसने अपनी बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है।
इस संबंध में हनुमानगंज थाने के एसओ पंकज गुप्ता ने बताया कि इस मामले में तहरीर मिली है। उसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है। किशोरी को शीघ्र ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।