ढेबरुआ। शनिवार को ढेबरुआ थाना दिवस में कुल तीन मामले प्रस्तुत हुए, जिनमें से एक राजस्व विवाद का निस्तारण मौके पर कर दिया गया। सरकौरा गांव के प्रकरण में राजस्व टीम को भेजकर समाधान सुनिश्चित किया गया। थाना दिवस के दौरान युग कृष्णा इंडेन गैस एजेंसी से जुड़ी शिकायत भी सामने आई। औदही कला तुलसियापुर निवासी शाह मुहम्मद पुत्र अब्दुल कलाम ने आरोप लगाया कि एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी नहीं की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को कड़ी धूप में लाइन लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
शिकायत में यह भी कहा गया कि एजेंसी के कर्मचारियों की ओर से तय मूल्य से अधिक पैसे लेने और उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार के मामले सामने आए हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि इससे जुड़े वीडियो भी पहले वायरल हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि रात के समय कालाबाजारी की भी शिकायतें मिल रही हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया कि एजेंसी सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य नहीं कर रही है और जिम्मेदार अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
थाना दिवस में नायब तहसीलदार महबूब अंसारी, राजस्व निरीक्षक गंगोत्री प्रसाद पांडेय, थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद, लेखपाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।