सलेमगढ़। तरयासुजान थाना क्षेत्र के सलेमगढ़ में सोमवार की रात और मंगलवार की देर शाम तक आयोजित महावीर अखाड़े का डोल मेला पुलिस और पीएसी के जवानों की मुस्तैदी के बीच सकुशल संपन्न हो गया। महावीरी अखाड़े के जूलूस को देखने के लिए मेले में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। अखाड़े में शामिल खिलाड़ियों के पारंपरिक लाठी युद्ध कला समेत कई अन्य हैरतअंगेज करतब देखने के लिए लोग जमे रहे।
सलेमगढ़ हाईवे चौराहे पर सलेमगढ़ बाजार, मोहन बसडीला, पुरानी बाजार, सिअरहां आदि गांवों से महावीरी अखाड़े का डोल जूलूस निकाला गया। पारंपरिक रूप से अखाड़े में शामिल खिलाड़ियों ने लाठी युद्ध का प्रदर्शन किया। सभी अखाड़ों में नृत्य-संगीत मेले में आकर्षण का केंद्र रहा। मेले को सकुशल संपन्न कराने में तरयासुजान, तमकुहीराज, सेवरही समेत आधा दर्जन थानों की पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे। इस दौरान सीओ तमकुहीराज जितेंद्र कालरा, एसएचओ तरयासुजान राजप्रकाश सिंह, तमकुहीराज एसओ अमित शर्मा, आयोजक सतीश ब्याहुत, गोपाल गुप्ता, अजय मद्धेशिया, रमेश जायसवाल, मोती यादव, अवनीश श्रीवास्तव, अवधेश ब्याहुत, दीनानाथ, अरुण ब्याहुत, पारस चौहान आदि मौजूद रहे।