छितौनी। नगर पंचायत छितौनी में वर्ष 2016 में आवंटित आवासीय पट्टे की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर मुसहर समाज के एक दर्जन से अधिक लोग तीन दिनों से अनशन पर बैठे थे। सोमवार को पहुंचे खड्डा एसडीएम और सीओ ने लोगों को एक सप्ताह में कब्जा दिलाने का आश्वासन देकर अनशन समाप्त कराया। इसके बाद जेसीबी लगवाकर अतिक्रमण हटवाया।
शनिवार से नथुनी मुसहर, रामप्रीत मुसहर आदि की अगुवाई में कस्बा के बड़हरवा टोले में मुसहर समाज के लोग आमरण अनशन पर बैठ थे। उनका आरोप था कि कुछ दबंग किस्म के लोगों ने उनकी पट्टे की जमीन पर रिहायशी झोपड़ी डालकर कब्जा कर लिया गया है, जिससे पात्र लाभार्थियों को आवंटित भूमि पर अधिकार नहीं मिल पा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को एसडीएम खड्डा रामवीर सिंह, सीओ वीके सिंह और थानाध्यक्ष हनुमानगंज संतोष कुमार वहां पहुंचे और अपनी मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटवाकर भूमि खाली कराई गई। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर टीम गठित कर विधिवत पैमाइश कराई जाएगी। इसके बाद मुसहर समाज के पात्र पट्टाधारकों को उनकी भूमि पर कब्जा दिलाया जाएगा। प्रशासन के आश्वासन और कार्रवाई के बाद आमरण अनशन समाप्त करा दिया गया।