अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के असना गांव के छोटे टोले पर बहन के घर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने वाले 27 वर्षीय युवक के शव का पोस्टमार्टम के बाद रविवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। पिता ने मुखाग्नि दी।
बहराइच जिले के मोतीपुर स्थित सलारपुर निवासी रामकरण प्रसाद ने शुक्रवार की देर रात असना गांव के छोटा टोला में अपनी बहन के घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उस दिन उसकी बहन और बहनोई परतावल के तरकुलवा चर्च गए थे। खुदकुशी की जानकारी होने के बाद शनिवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था, जिसमें फंदे से लटककर आत्महत्या की बात सामने आई थी। मृतक के बहनोई अनिल प्रसाद ने शव घर लाकर मृतक के पिता ओमप्रकाश प्रसाद सहित परिजनों को बुलाया। रविवार को सुबह तिनहवा मझना नाले के पास शमशान घाट पर मृतक के पिता ओमप्रकाश प्रसाद ने अंतिम संस्कार किया। अहिरौली बाजार थाने के एसआई पुरुषोत्तम पांडेय ने बताया कि चर्च जाने की बात से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की गई है। मृतक के बहन-बहनोई के ईसाई धर्म अपनाने की बात सामने नहीं आई है। ग्राम प्रधान संतोष कुमार ने बताया कि परिवार के लोग किसी बीमारी से पीड़ित हैं। तभी किसी ने बता दिया कि ईशा मसीह की आरती और पूजा करने से सभी प्रकार के दुख दूर हो जाएंगे। इसीलिए एक सप्ताह से मृतक रामकरण प्रसाद के बहन और बहनोई महराजगंज जिले के परतावल के पास तरकुलवा में स्थित चर्च में पूजा-अर्चना करने गए थे।