कलक्ट्रेट सभागार में रिवैंप्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) विद्युत विभाग की समीक्षा ब
पडरौना। कलेक्ट्रेट सभगार में शनिवार की देर शाम सांसद, विधायक और डीएम की मौजूदगी में आरडीएसएस की बैठक हुई। रिवैंप्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) विद्युत निगम की समीक्षा में ट्रांसफार्मर बदलने में ढिलाई पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यप्रणाली में सुधार लाने की हिदायत दी।
सांसद विजय कुमार दुबे और डीएम उमेश मिश्रा ने आरडीएसएस के तहत आच्छादित एवं कार्य कराने वाले ग्राम सभाओं की सूची विधानसभावार विधायक व जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं। बिजनेस प्लान में जिन ग्राम पंचायतों में जर्जर तार बदले गए हैं या बदलने बाकी हैं उनकी सूची उपलब्ध कराते हुए कार्य को पारदर्शिता से पूरा कराएं। बदलने वाले बिजली के तार की गुणवत्ता, ट्रांसफार्मर की क्षमता का निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करें। नदी पार हाटा, खड्डा आदि विधानसभा के ग्राम सभा में बिजली का कनेक्शन दें।
जिन ग्राम पंचायतों में पूर्व में बिजली का कनेक्शन दिया गया हैं उन उपभोक्ताओं को बिजली बिल देना शुरू करें। इसमें लापरवाही करने पर संबंधित जेई एसडीओ और अधिशासी अभियंता पर कार्रवाई की जाएगी। ज्यादा अधिभार वाले उपभोक्ताओं को तत्काल नोटिस देकर उन पर नियमानुसार कार्रवाई करें। प्राथमिक विद्यालयों के उपर से गुजर रहे एलटी लाइंस, 11 केवी, 33 केवी की तारों टीम बनाकर सर्वे करें। इसका प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करें। डीएम ने जिले में चल रही विद्युत आपूर्ति व विद्युत अस्थिरता (फ्लक्चुएशन) और ट्रांसफार्मर के बदलने की अवधि के संबंध में अधिशासी अभियंता विद्युत निगम, एई, अवर अभियंता से जानकारी ली।
ट्रांसफार्मर बदलने की धीमी कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ससमय शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी विभागीय समन्वय स्थापित कर ट्रांसफार्मर बदलना सुनिश्चित करें। बैठक में सदर विधायक मनीष जायसवाल, खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय, हाटा विधायक मोहन वर्मा, रामकोला विधायक विनय प्रकाश गौड़ ने अपने विधान सभा क्षेत्रों में पावर स्टेशन बिजलीघरों की खराब तथा ओवरलोड व्यवस्था, आरडीएसएस के बिजनेस प्लान के तहत कराए जा रहे विद्युत संबंधी कार्य यथा जर्जर तारों को बदलना, खराब ट्रांसफार्मर को बदलना आदि समस्या से अवगत कराया। इस दौरान सीडीओ गुंजन द्विवेदी समेत बिजली निगम के सभी अधिकारी मौजूद रहे।