पटहेरवा। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को दिए तहरीर में आरोप लगाया है कि तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक के यहां उसके पिता उसकी शादी का प्रस्ताव लेकर गए थे। किसी कारणवश उसके पिता और भाई ने उस लड़के से शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद से आरोपी युवक उसका मानसिक रूप से उत्पीड़न तथा उसका फोटो सोशल मीडिया में वायरल कर अभद्र टिप्पणी कर रहा है।
युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि आरोपी स्कूल तक उसका पीछा कर नजर रखता है और जबरन शादी का दबाव देकर टाॅर्चर कर रहा है। इस कारण वह मानसिक रूप से परेशान है और उसकी पढ़ाई भी नहीं हो पा रही है। युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी राजन गुप्ता और उसके भाई दीपक गुप्ता पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।