पडरौना। छितौनी-तमकुहीराज नई रेल लाइन के लिए चल रहे भूमि अधिग्रहण को लेकर जटहां बाजार के किसानों, व्यापारियों और ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। प्रभावितों ने प्रस्तावित मुआवजा दर को मौजूदा बाजार मूल्य की तुलना में काफी कम बताते हुए बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष व तमकुहीराज के पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू की अगुवाई में कलक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने डीएम महेंद्र सिंह तंवर से मुलाकात कर मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रभावित किसानों ने कहा कि जटहां बाजार क्षेत्र का पुराना और प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। रेल परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की जद में कई मकान और दुकानें आ रही हैं। इससे बड़ी संख्या में परिवारों के सामने मकान के साथ ही वर्षों से चल रही आजीविका के प्रभावित होने का संकट खड़ा हो गया है।
प्रभावितों ने मांग की कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में नियमानुसार पारदर्शिता बरती जाए और मुआवजे का निर्धारण वर्तमान बाजार मूल्य व सर्किल रेट के वास्तविक आकलन के आधार पर किया जाए। ़