प्रधानमंत्री के संभावित दौरे के लिए प्रशासनिक हलचल तेज
डीएम व एसपी ने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का जायजा लिया
कसया (कुशीनगर)। बुद्ध जयंती के अवसर पर 16 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष विमान कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरेगा। यहां से प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से बुद्ध की जन्मस्थली लुंबनी जाएंगे। संभावना व्यक्त की जा रही है कि वह कुशीनगर में भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली पहुंचकर लेटी प्रतिमा का भी दर्शन करेंगे। इसे लेकर प्रशासनिक अमला एयरपोर्ट से लेकर कुशीनगर हेलीपैड तक निरीक्षण किया।
प्रधानमंत्री 16 मई को लुंबनी में अंतरराष्ट्रीय मेडीटेशन सेंटर का लोकार्पण और एक बौद्ध विहार की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री के भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबनी जाने से पहले उनका विशेष विमान निर्वाण स्थली कुशीनगर एयरपोर्ट पर उतरेगा। हालांकि जिला प्रशासन उनके आगमन की लिखित सूचना से इन्कार कर रहा है। फिर भी बुधवार शाम को डीएम एस. राजलिंगम व एसपी धवल जायसवाल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने यहां की टर्मिनल बिल्डिंग, अपरन, एटीसी, फायर बिल्डिंग के अलावा सुरक्षा के मद्देनजर गहनता से निरीक्षण किया। इसके बाद कुशीनगर में रामाभार स्तूप के बगल में बने हेलीपैड स्थल पर पहुंचे, जिसे ठीक कराने के लिए पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन हेमराज सिंह को निर्देश। जिस मार्ग से प्रधानमंत्री पिछले साल 20 अक्तूबर को मुख्य महापरिनिर्वाण मंदिर पहुंचे थे, उस मार्ग व मंदिर का भी निरीक्षण किया।
इस मौके पर एएसपी रितेश सिंह, एसडीएम वरुण कुमार पांडेय, सीओ पीयूष कांत राय, संतोष मौर्य, जेई आरएन राव, अभिजीत सिंह, परवेज आलम, एसओ सुधीर कुमार सिंह आदि मौजूद थे।
डीएम एस. राजलिंगम ने बताया कि प्रधानमंत्री जी के कुशीनगर एयरपोर्ट पर आने की संभावना है, लेकिन यहां से कहां-कहां भ्रमण करेंगे, इसकी अभी कोई लिखित सूचना नहीं है। उनके संभावित आगमन को लेकर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं।