खड्डा। करदह गांव में एक सरकारी जमीन पर किया गया अतिक्रमण हाइकोर्ट के आदेश पर बुलडोजर चलाया गया। राजस्व विभाग के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रही। खड्डा क्षेत्र के ग्राम सभा करदह (तिवारी टोला) स्थित 0.024 हेक्टेयर राजस्व अभिलेख में नवीन परती के नाम दर्ज है। इस पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। गांव के विशुनी ने बेदखली हेतु तहसीलदार न्यायालय में वाद दायर किया था। तहसीलदार कोर्ट के 24 मई 2017 को बेदखल करने का आदेश दिया था। आदेश के अनुपालन कराने के लिए तमाम प्रयास किया गया परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद विशुनी ने हाइकोर्ट से गुहार लगाई कि तहसीलदार के आदेश का पालन करते हुए सरकारी जमीन मुक्त कराया जाय।
उच्च न्यायालय ने जिला प्रशासन को अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था। इस क्रम में उपजिलाधिकारी ने राजस्व टीम गठित करते हुए खडडा पुलिस को सुरक्षा हेतु तैनात रहने का आदेश दिया था। सोमवार की शाम करीब चार बजे के बाद तहसीलदार खड्डा महेश कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस जमीन पर कच्चा व पक्का निर्माण कर कब्जा किया गया था। खबर लिखे जाने तक कार्रवाई चल रही थी।