संतकबीरनगर। रमजान माह समाप्त हो गया है और ईद की तैयारी को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था का तगड़ा प्रबंध किया गया है। इबादतगाह के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस चौकन्नी रहेगी। ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी आसपास के क्षेत्रों की निगरानी होगा। जिससे शांति पूर्ण माहौल में त्योहार को संपन्न कराया जा सकें।
ईद को लेकर जिले में पुलिस की तरफ से शांति व सुरक्षा का काफी कड़ा प्रबंध किया गया है। जिले को 3 जोन, 8 सेक्टर व 56 सब सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था तैनात किया गया है। किसी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए मुख्यालय स्तर पर 11 क्यूआरटी टीम का भी गठन हुआ है। स्थानीय पुलिस के अलावा सभी थाना क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस प्रबंध की व्यवस्था किया गया है, जो शांति पूर्ण त्योहार मनाने में अपना योगदान देंगे।
जानकारी के अनुसार, सभी थाना पर एसओ के अलावा 9 इंस्पेक्टर, 118 एसआई, 319 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल, 62 महिला कांस्टेबल, 109 होमगार्ड व पीआरडी, तीन फायर टेंडर, एक प्लाटून पीएससी, 19 क्यूआरटी और सभी थाना के लिए 8 रिजर्व टीम की व्यवस्था की गई है।
एएसपी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि त्योहार को देखते हुए सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। किसी को नई परिपाटी कायम करने की छूट नहीं दी जाएगी। किसी भी तरह का माहौल बिगाड़ने वालों के साथ पुलिस कड़ाई के साथ पेश आएगी।