कुशीनगर। मौसम खराब होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क किया है। मौसम विभाग और राहत आयुक्त ने 27 सितंबर की सुबह 8:30 बजे तक मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तेज झोंकेदार हवाएं चलने और भारी बारिश होने की भी संभावना है।
हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है। जिलाधिकारी संजय चौहान ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक घर से बाहर न निकलने की अपील की है। उन्होंने मौसम विभाग व जिला प्रशासन की ओर से जारी परामर्श का पालन करने को कहा। उन्होंने राजस्व, पुलिस, पंचायती राज, नगर निकाय, स्वास्थ्य, विद्युत और सिंचाई विभाग समेत सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
जलभराव वाले और निचले इलाकों, जर्जर भवनों तथा नदी-नालों के आसपास सतर्कता बरतने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से लोगों को आंधी के दौरान पेड़, बिजली के खंभों, कच्चे व जर्जर मकानों से दूर रहने की सलाह दी है। खिड़की-दरवाजे सुरक्षित रखने को भी कहा गया है। वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे, तालाब और जलभराव वाले स्थानों पर जाने से बचें। टूटे बिजली के तारों को न छूने और नदियों-नालों के पास जाने से भी बचने की अपील की गई है।