विवादित भूमि को राज्य सरकार के कब्जे में करने के निर्देश
- एडीएम ने सरपतही बुुजर्ग में किया विवादित भूमि का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
पिपरा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सरपतही बुजुर्ग गांव में 46 जमीन के विवाद को निपटाने के लिए एडीएम पहुंचे। गांव के लोगों और पट्टाधारकों के साथ वार्ता की। विवाद का हल न निकलने की वजह से जमीन राज्य सरकार के कब्जे में कराए जाने के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने का राजस्वकर्मियों को निर्देश दिए।
प्राथमिक पाठशाला सरपतही बुजुर्ग में करीब एक बजे एडीएम, एसडीएम, एसडीएम, तहसीलदार, सीओ, एसओ सहित राजस्व विभाग की टीम पहुंची। ग्रामीणों व पट्टा धारकों के साथ बैठक हुई। पहले तो शासन की ओर से चल रही योजनाओं के बारे में एडीएम ने ग्रामीणों को जानकारी दी और गांव में मतदाता पहचान पत्र, राशनकार्ड, पेंशन, आवास से वंचित पात्र व्यक्तियों को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए ग्राम प्रधान प्रमोद सिंह को सूची बनाकर एसडीएम को देने को कहा। उन्होंने गांव में चल रहे जमीन के विवाद के बारे में जानकारी ली। ग्राम प्रधान प्रमोद सिंह ने बताया कि करीब दो सौ एकड़ सीलिंग की भूमि है, जिस पर गांव के कुछ लोग फर्जी तरीके अपना नाम चढ़वाकर तो कुछ लोग बेनामी तरीके से कब्जा किए हैं। इसका सीमांकन कराकर शीघ्र उन लोगों के कब्जे से जमीन को मुक्त कराया जाए। उन्होंने स्वयं तथा गांव के अन्य लोगों को फर्जी तरीके से चोरी के मुकदमे में फंसाए जाने की बात कही। वह मुकदमा खारिज कराए जाने की मांग की। एडीएम ने कहा कि गांव में अवैध कब्जा हटाने का अभियान चलेगा और एसडीएम को निर्देश दिए कि पूरी टीम के साथ पांच दिनों के अंदर सीलिंग एवं विवादित भूमि के बारे में जानकारी दें। उन्होंने विवादित भूमि पर पहुंचकर सीलिंग व अन्य जमीन का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम महात्मा सिंह, तहसीलदार दिनेश कुमार, सीओ शिवाजी सिंह, एसओ गिरजेश उपाध्याय, कानूनगो रामअवध प्रसाद, लेखपाल मनीष पांडेय, विशाल चौबे सहित अन्य लोग मौजूद थे।