एडी हेल्थ ने सीएचसी का औचक निरीक्षण कर दिए निर्देश
कसया। सीएचसी में बुधवार को अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. आई बी विश्वकर्मा एवं संयुक्त निदेशक डॉ. बीएम ने निरीक्षण किया। इस दौरान वहां मरीज व तीमारदारों से सुविधा के बारे में जानकारी हासिल की। इमरजेंसी में तैनात डॉ. यूसुफ अंसारी से सवाल-जवाब किया। दोनों अधिकारियों ने इमरजेंसी में सुविधा बढ़ाने की बात कही।
दोनों अधिकारियों ने टीकाकरण की जानकारी एएनएम ममता भारती से ली। उनसे बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के रिकार्ड भी मांगे। प्रयोगशाला में एलटी विजयकृष्ण द्विवेदी एवं विनोद वर्मा से टीबी और डेंगू की जांच की जानकारी ली। साथ ही जांच की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। इसी तरह आईसीटीसी, एक्सरे, प्रसव कक्ष का जायजा लिया। क्षय रोग नियंत्रण कक्ष में वरिष्ठ क्षय रोग प्रयोगशाला पर्यवेक्षक आशुतोष मिश्र से टीबी मरीजों के उपचार, निक्षय पोषण योजना डीबीटी, टीपीटी, पीटीआर के बारे में पूछाताछ की। टीबी पर्यवेक्षक ने बताया कि अबतक कुल 710 मरीज दवा ले रहें है। इसमें लगभग 90 प्रतिशत मरीजों के खाते में पोषण योजना की धनराशि भेजी जा चुकी है। साथ ही टीपीटी भी उपलब्ध कराया जा रहा है। पीटीआर में तीन दिनों में 85 संभावित व्यक्तियों के बलगम की जांच हुई। जिसमें पांच रोगी मिले। इनका उपचार शुरू कर दिया गया। वहीं, आयुष्मान कार्ड की जानकारी ली।
इस दौरान प्रभारी मंडलीय प्रबंधक एनएचएम अरविंद पांडेय, प्रभारी अधीक्षक डॉ. गौतम जी गौरव, डॉ. एस के सिंह, डॉ. नेहा, डॉ. अनामिका, डॉ. सौनक श्रीवास्तव, राकेश पांडेय, लिपिक अमित सिंह, प्रकाश, चीफ फार्मासिस्ट अशोक सिंह, आर बी सिंह, वशीर अहमद, प्रमोद कुमार, पूनम भारती, मीरा दुबे आदि मौजूद रहीं।