कप्तानगंज। सीएचसी का शनिवार को अपर निदेशक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, गोरखपुर मंडल ने निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई समेत अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने आदि के निर्देश दिए।
अपर निदेशक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, गोरखपुर मंडल डॉ. जयंत कुमार स्टेट कॉमन रिव्यू मिशन टीम के साथ शनिवार की सुबह करीब 10:30 बजे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सीएचसी कप्तानगंज के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और आयुष्मान आरोग्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई व्यवस्था और मरीजों को मिल रही सुविधाओं, स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्था, अस्पताल के अभिलेख आदि की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सीएचसी कप्तानगंज में चल रहे नवीनीकरण कार्य आदि की भी जांच की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। साफ-सफाई सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखा जाना चाहिए।
इस दौरान स्टेट कॉमन रिव्यू मिशन टीम के सदस्य डॉ. सुनील कुमार, डॉ. युसुफ शाह, डॉ. सूर्यभान कुशवाहा, डॉ. उमेश चंद्र यादव, डॉ. परवेज आलम, डॉ. रेनू मिश्रा, डॉ. गौरव यादव, डॉ. गोपाल, आत्मा सिंह, नीरज गुप्ता, आलोक यादव, आशुतोष जी पटेल, संदीप गोंड, धर्मेंद्र, मिथिलेश पाल आदि मौजूद रहे।