युवक की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन। स्रोत-सोशल मीडिया
मंसाछापर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बरवा पुरदिल गांव निवासी सैदुल्लाह (22) ने शनिवार देर शाम अपने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। सैदुल्लाह के परिजनों का आरोप है कि अपनी प्रेमिका के भाई और जीजा की पिटाई से आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
उन्होंने दोनों के खिलाफ पुलिस को नामजद तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सैदुल्लाह के परिजनों के अनुसार, शनिवार दिन में वह घर से निकला था। देर शाम वह लौटा और सीधे अपने कमरे में चला गया। फिर कमरे से नहीं निकला। रात में भोजन के लिए आवाज दी गई तब भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। उन्होंने कमरे का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की तो अंदर से बंद था। आसपास के लोगों को की मदद से कमरे का दरवाजा खोला गया तो अंदर सैदुल्लाह का फंदे से शव लटका मिला। वे तत्काल उसे एक निजी अस्पताल ले गए पर वहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
रविवार सुबह परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। परिजनों का आरोप है कि सैदुल्लाह की एक युवती से करीबी थी। इसकी जानकारी होने पर शनिवार शाम को युवती के परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इससे आहत होकर उसने आत्महत्या कर ली। सैदुल्लाह की प्रेमिका के भाई और जीजा के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
उधर, पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम शव गांव पहुंचा, जिसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मालूम हो कि सैदुल्लाह के पिता सरफुल्लाह इस समय विदेश में हैं। सैदुल्लाह ट्रक चलाता था और गांव में ही रहता था। घर में छोटा भाई, मां और बहनें हैं। थानाध्यक्ष चंद्रभूषण प्रजापति ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।