तुर्कपट्टी। क्षेत्र के जोकवा-छहूं मार्ग पर शुक्रवार देर शाम महासोन गांव के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 35 वर्षीय मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सीएचसी फाजिलनगर ले गए। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में देर रात युवक की मौत हो गई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर विधिक कार्रवाई में जुटी गई। युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। फाजिलनगर ब्लाॅक के गौराखोर गांव निवासी 35 वर्षीय मनीष मिश्र शुक्रवार की देर शाम घर से छहूं चौराहे पर मोटरसाइकिल से किसी कार्य से गए थे। लौटते समय अभी महासोन गांव पहुंचे थे कि सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मनीष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर कर अचेत हो गया। इस दौरान आस-पास के लोग आवाज सुन कर दौड़ पड़े और युवक को पहचानकर स्वजन को सूचित किया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और फाजिलनगर सीएचसी उपचार के लिए ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखकर प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां पर उपचार के दौरान देर रात मनीष की मृत्यु हो गई।
दुर्घटना के बाद वाहन चालक वाहन सहित फरार हो गया। घटना की जानकारी होते ही मृतका की पत्नी बबिता देवी व स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है। इस संबंध में तुर्कपट्टी थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार सिंह ने कहा कि दुर्घटना की जानकारी मिली है।तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।