गढ़िया बसंतपुर में टावर पर चढ़ा युवक।स्रोत-सोशल मीडिया
नेबुआ नौरंगिया। थाना क्षेत्र के गड़हिया बसंतपुर गांव का एक युवक एक तरफा प्यार में मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और युवती से शादी करने की जिद पर अड़ गया। करीब तीन घंटे तक ड्रामा चलता रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से उसे नीचे उतारा और हिरासत में ले लिया। बाद में शांतिभंग में चालान कर दिया।
जानकारी के अनुसार, नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के गडहिया बसंतपुर गांव निवासी एक युवक अपने पटीदार के घर की युवती से करीब एक साल से प्रेम करता था। करीब छह माह पूर्व इसकी जानकारी युवती के परिजनों को हो गई। इसको लेकर कई बार पंचायत हुई लेकिन युवक अपनी आदत से बाज नहीं आ रहा था। युवती की शादी परिजनों ने दूसरे जगह तय कर दी। इसकी जानकारी होने के बाद युवक और परेशान करने लगा। सोशल मीडिया पर बातचीत का ऑडियो और वीडियो वॉयरल करने की धमकी देने लगा।
शादी का रिश्ता न टूटे इसके चलते परिजन तमकुहीराज थाना क्षेत्र के अपने रिश्तेदारी में युवती को भेज दिए और पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस बुधवार को युवक को थाने पर बुलाई थी। इसी बीच मंगलवार की देर रात घर से अचानक लापता हो गया और टॉवर पर चढ़ गया।