तमकुहीरोड। सुमही संग्राम गांव में पुराने विवाद को लेकर शनिवार को एक व्यक्ति ने एक लड़की और उसकी बड़ी बहन पर धारदार हसिया से हमला कर घायल कर दिया था। इसमें लड़की जहां घायल हो गई वहीं उसकी बड़ी बहन को काफी चोटें आने के साथ ही एक अंगुली कट गई। सेवरही पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सेवरही थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सुमही संग्राम में पिछले शनिवार को किसी पुराने विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक पक्ष के दिलीप (30) पुत्र अनिरुद्ध ने एक धारदार हसिया से दूसरे पक्ष की एक लड़की व एक महिला पर हमला कर दिया। इससे रागनी (19) पुत्री हरीलाल की बांह व पीठ पर चोट लगी और कट गया, जबकि उसकी बहन अंगिरा उर्फ बबिता (25) को काफी चोट लगी और उसकी एक अंगुली कट गई।
इस घटना की सूचना मिलने पर सेवरही पुलिस दोनों घायलों को परिजनों की मदद से सेवरही सीएचसी लेकर गई, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डाॅक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रविंद्र नगर के लिए रेफर कर दिया। सोमवार को पुलिस ने आरोपी युवक को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आरोपी पर केस दर्ज कर लिया गया है। इस संबंध में सेवरही के एसएचओ धीरेंद्र कुमार राय का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।