रामकोला। अहिरौली कुसम्ही के अखिलेश निषाद को स्कूल से लौटते समय रास्ते में रोककर मारपीट का मामला सामने आया है। दो युवकों ने छात्र को जमीन पर पटककर पीटा और ईंट से उसके सिर पर वार कर दिया। उसका सिर फट गया। आरोपियों ने उसका टैबलेट भी तोड़ दिया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने राहुल और मनीष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्र के पिता ने पुलिस को बताया कि अखिलेश मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे रामकोला से पढ़ाई कर साइकिल से घर आ रहा था। डम्मर छपरा मोड़ के पास राहुल और मनीष ने उसकी साइकिल रोक ली। दोनों अपशब्द बोलने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने अखिलेश की पिटाई किया।आरोप है कि इसी दौरान पास में पड़ी ईंट से अखिलेश के सिर पर वार कर दिया गया। सिर फटने से खून बहने लगा। मारपीट के दौरान आरोपियों ने छात्र का टैबलेट भी तोड़ दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। परिजनों ने घायल छात्र का इलाज कराया। तहरीर के अनुसार आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर राहुल और मनीष के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।