सीताराम चौराहा। तमकुही विकास खंड के ग्राम पंचायत राजापाकड़ प्राचीन शिवमंदिर परिसर में नवनिर्मित श्रीराम दरबार मंदिर व श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर के लिए आयोजित सप्तदिवसीय श्री विष्णु महायज्ञ सह प्राण प्रतिष्ठा समारोह व महाशिवरात्रि मेला के निमित्त रविवार को भव्य कलशयात्रा निकाली गई। कलशयात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
अयोध्याधाम से आए यज्ञाचार्य पुरुषोत्तम पांडेय व यज्ञ पुरोहित आशीष त्रिपाठी, सुरेश पांडेय, निरंजन शुक्ल, शिवराज अवस्थी व शुभम पांडेय ने यजमानगण शिवशंकर गुप्ता, हरिशंकर कुशवाहा, देवकी यादव, प्रेमचंद यादव, जोखू यादव व रामनाथ यादव सपत्नीक से विधिवत पूजन कराया। प्राण प्रतिष्ठा कर्ता बाबा बालक दास, मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, एसओ स्वतंत्र कुमार सिंह, गिरीश सिंह, रुबी किन्नर, पायल किन्नर, शिक्षक मनीष कुमार राय, राजू जायसवाल, विकास सिंह व पंकज मिश्र ने फीता काटकर शोभायात्रा को रवाना किया।
शोभायात्रा में भगवान राम, सीता, लक्ष्मण, भगवान शिव व उनके गणों की सजीव झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। हाथी, घोड़े, ध्वनि विस्तारक यंत्र, दुंदुभि, नगाड़ा, दो पहिया व चार पहिया वाहनों के साथ तीन हजार कन्याएं व महिलाएं कलश लेकर चलीं, जबकि पुरुष श्रद्धालु धर्मध्वज के साथ शामिल हुए। कलशयात्रा यज्ञ स्थल से मिश्रौली, बहुरिया टोला, लाला टोला, बंगरा, सीताराम चौराहा, बरवा व दुमही होते हुए देवामन सरोवर पहुंची। वहां यज्ञाचार्यों ने पूजन व गंगा आरती कर कलशों में जल भरवाया।
वापसी में यात्रा मठिया भोकरिया व गोबरही होते हुए यज्ञ स्थल पहुंची, जहां कलश स्थापना व वेदी निर्माण के साथ महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। कमलेश्वर पटेल, राजकुमार व प्रवीन राय के नेतृत्व में श्रद्धालुओं को जलपान कराया गया व पुष्पवर्षा की गई। देवताओं के जयघोष से दिशाएं गुंजायमान रहीं। आयोजन में आयोजक हरिदास, अध्यक्ष राजू यादव, संयोजक सत्यनारायण यादव, व्यवस्थापक मुकेश यादव, संचालक भोलू यादव आदि उपस्थित रहे।