कसया। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के अनुषांगिक संगठन स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने कसया नगर के एक मैरेज हाल में संविधान शिल्पी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया गया और संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर समतामूलक समाज की स्थापना का संकल्प लिया गया।
आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएफआई के राज्य सचिव अब्दुल बहाव ने कहा कि बाबा साहब ने दबे-कुचले, शोषित समाज सहित सभी नागरिकों को संविधान के माध्यम से समानता, बंधुता और सम्मान का अधिकार दिया। उन्होंने जीवनभर भेदभाव और आडंबर का विरोध किया।
माकपा के जिलामंत्री कामरेड अयोध्या लाल श्रीवास्तव, एडवोकेट फिरोज अंसारी, शाकिर अली, राकेश प्रसाद, चंद्रजीत यादव, एडवोकेट एखलाक अहमद लारी एवं इदरीश ने अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. अंबेडकर को नवभारत के निर्माण का महान शिल्पी बताया।
कार्यक्रम के अंत में संगठन के मंत्री आसिफ सिद्दिकी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन दीपक भारती ने किया। इस दौरान बीपी गुप्ता, जवाहर शर्मा, गेंदा सिंह, राम बहाल सिंह, केदार सिंह, राम नरेश सिंह, शंभु प्रसाद, शंकर प्रसाद, अक्षबर आदि मौजूद रहे।