फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: 15 गांवों के युवाओं के सपनों को उड़ान दे रहा मैदान, मिनी स्टेडियम का इंतजार

विज्ञापन
विज्ञापन
सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए सुबह-शाम जुटते हैं युवा, मिनी स्टेडियम बनाने की योजना भी बनी थी
विज्ञापन

गुरवलिया बाजार (कुशीनगर)। बरवा राजापाकड़ गांव में पावर हाउस के बगल स्थित मैदान आसपास के 15 से अधिक गांवों के युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रहा है। सुबह और शाम यहां सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी करने वाले 35-40 युवाओं की भीड़ जुटती है। दौड़, व्यायाम और शारीरिक अभ्यास के जरिये युवा सरकारी सेवा में जाने की राह तैयार कर रहे हैं।

इस मैदान में अभ्यास कर करीब 20 युवा सेना, पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी सफलता से प्रेरित होकर नई पीढ़ी के युवा भी इसी मैदान में पसीना बहा रहे हैं। मैदान में व्यायाम के लिए कुछ संसाधन लगाए गए हैं लेकिन सुविधाओं का विस्तार नहीं होने से खिलाड़ियों को परेशानी होती है। युवा खुद ही दौड़ने के लिए ट्रैक तैयार करते हैं। क्रिकेट और फुटबॉल में रुचि रखने वाले बच्चे भी शाम को अपने खेल संसाधनों के साथ पहुंचते हैं।
विज्ञापन


मैदान की उपयोगिता को देखते हुए यहां मिनी स्टेडियम बनाने की योजना भी बनी थी। तत्कालीन खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने मैदान का दौरा किया था। मुख्यमंत्री ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यहां खेल मैदान विकसित कराने की प्रतिबद्धता जताई थी। इसके बावजूद मैदान को व्यवस्थित खेल एवं प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना अब तक पूरी नहीं हो सकी है।

राज्य मंत्री तक पहुंच चुका है मामला

कसया-सेवरही मार्ग पर स्थित इस मैदान में स्टेडियम निर्माण का मुद्दा वर्ष 2020 से लगातार उठता रहा है। युवाओं ने कुशीनगर महोत्सव के दौरान तत्कालीन खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी के सामने अपनी मांग रखी थी। इसके बाद 14 जनवरी 2021 को गोरखपुर मंडल की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के सामने भी बरवा राजापाकड़ में स्टेडियम निर्माण का मामला उठाया गया था। अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की बात भी सामने आई थी।

मिनी स्टेडियम बनाने के लिए करीब छह एकड़ सरकारी जमीन का प्रस्ताव भी सामने आया था। राजस्व अभिलेखों में जमीन मैदान के नाम से दर्ज होने और उसे खेल विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया की बात हुई थी। इसके बावजूद निर्माण की दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई और खिलाड़ियों को अब भी स्टेडियम का इंतजार है।

ओपन जिम से मिली सुविधा, लेकिन जरूरतें अब भी बाकी

फरवरी 2024 में जिला पंचायत की ओर से सीताराम चौराहे के खेल मैदान में ओपन जिम की सुविधा शुरू की गई थी। इससे व्यायाम करने वाले युवाओं को कुछ संसाधन जरूर मिले, लेकिन मैदान की जरूरतें इससे कहीं अधिक हैं। खिलाड़ियों को व्यवस्थित दौड़ ट्रैक, फुटबॉल और क्रिकेट के लिए निर्धारित स्थान, खेल उपकरण, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है।

यह मैदान केवल स्थानीय खेल गतिविधियों तक सीमित नहीं है। यहां फुटबॉल प्रतियोगिताओं और अन्य खेल आयोजनों के जरिये क्षेत्रीय खिलाड़ियों को मंच मिलता रहा है। 46वीं ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता जैसे आयोजन भी इस मैदान की पहचान का हिस्सा रहे हैं।
विज्ञापन

वर्जन

खेलों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मिनी स्टेडियम बनाने से संबंधित पत्रावली कहां है, इसकी जानकारी जुटाई जाएगी। निर्माण में कहां दिक्कत आई है, इसकी भी जांच करेंगे। खेल मैदान का निरीक्षण भी किया जाएगा।
- कर्नल अशोक कुमार सिंह, बीडीओ तमकुहीराज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें