बिहार के धनहा थाना क्षेत्र के दोकरी गांव स्थित छठ घाट के पास बांसी नदी में शव मिलने की सूचना पर
मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र से सटे बिहार के धनहा थाना क्षेत्र के दोकरी गांव स्थित छठ घाट के पास बांसी नदी में रविवार दोपहर एक व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसकी पहचान धवहिया गांव के वर्मा भर (50) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह पडरौना कोतवाली क्षेत्र के भरटिया गांव में अपनी बेटी के घर से लौट रहे थे।
वर्मा भर रविवार दोपहर बेटी के घर से लौटते समय दोकरी गांव के पास बांसी नदी पार करने लगे। वह नदी में फैली जलकुंभी में फंस गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
कुछ देर बाद नदी किनारे बकरी चरा रहे बच्चों ने पानी में शव देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने शव को नदी से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र धर्मेंद्र वर्मा ने बताया कि उनके पिता दोपहर में घर से निकले थे और करीब चार बजे सूचना मिली कि नदी में डूबने से उनकी मौत हो गई है।
परिवार के अनुसार वर्मा भर के एक पुत्र और छह पुत्रियां हैं। इनमें तीन पुत्रियों और पुत्र की शादी हो चुकी है। बेटे की शादी अभी दस दिन पहले ही हुई थी। घटना के बाद पत्नी दुर्गावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि वर्मा भर भजन गाकर अपना जीवन यापन करते थे।
धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।