हिरौली बाजार/सुकरौली। शादी का झांसा देकर राजस्थान और हरियाणा समेत दूसरे राज्यों के लोगों को ठगने वाला गिरोह कई जिलों में सक्रिय है। पुलिस की जांच में गिरोह में 10 से अधिक महिलाओं और पुरुषों के शामिल होने की बात सामने आई है।
ताजा मामले में राजस्थान के युवक से 1.20 लाख रुपये ठगने के आरोप में पुलिस पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। राजस्थान के अलवर जिले के जहडू गांव निवासी कृष्णकांत जांगड़े ने नई जिंदगी की शुरुआत की उम्मीद में कुशीनगर तक का सफर तय किया था। फोन पर रिश्ता तय होने के बाद वह 11 नवंबर को अपने पिता, मां और मामा के साथ भैंसही बाजार पहुंचा था। आरोप है कि शादी कराने पहुंचे लोगों ने उससे 1.20 लाख रुपये नकद ले लिए। इसके अलावा करीब 10 हजार रुपये के कपड़े और शृंगार का सामान भी खरीदवाया।
शादी की रस्में पूरी होने के बाद कृष्णकांत युवती को लेकर परिवार के साथ राजस्थान लौटने लगा।
गोरखपुर की ओर जाते समय युवती ने लघुशंका करने की बात कही। टेंपो रुकने पर वह नीचे उतरी और फिर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो कृष्णकांत ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 70 हजार रुपये नकद, चार साड़ियां और एक जींस बरामद की।