संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। त्रिमुहानी घाट पर मूर्ति विसर्जन करने गए नारायणपुर गांव के एक युवक पर बुधवार की शाम को कुछ गो-तस्करों ने चाकू व लोहे के रॉड से हमला कर दिया था। वह बेहोश होकर गिर पड़ा था।
सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच कर घायल युवक को घर ले जा रहे थे, तभी आरोपियों ने चाकू, लोहे के रॉड व लाठी-डंडे से रास्ते में घेरकर फिर हमला बोल दिया। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को आठ नामजद समेत कई अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंची पुलिस पर भी आरोपी और उनके परिवार के लोगों ने गोलबंद होकर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया था। पुलिस की पकड़ में आए आरोपियों को छुड़ाकर भगा दिया था। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी इस तरह की वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। नारायणपुर गांव निवासी बैरिस्टर यादव ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि उनका भतीजा अखिलेश बुधवार को त्रिमुहानी नदी घाट पर लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति का विसर्जन करने गया था।
बैरिस्टर का आरोप है कि शाम करीब 4:30 बजे नदी पुल पर पहले से खड़े गांव के गोविंद गोंड, सुकट यादव, ढोड़ा यादव व गोलू यादव उसके पास आकर मां-बहन की गालियां देते हुए चाकू व लोहे की रॉड से मारने-पीटने लगे। इससे वह बेहोश हो गया।
आरोप है कि जब वे लोग अखिलेश को घर ले कर जा रहे थे, तभी रास्ते में घेरकर आरोपियों ने उन लोगों पर हमला कर दिया। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि आरोपी गोविंद गोंड़, सुकट यादव, ढोड़ा यादव, गोलू यादव, इंदू देवी, मंजू देवी, गोलू की मां, गोलू की बहन और कुछ अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।