कुशीनगर। नौतार जंगल गांव के देवीपुर मौजा के दियारा में पैमाइश के नाम पर जमीन आवंटन और वसूली का मामला सामने आया है। एसडीएम खड्डा मोहम्मद जफर के निर्देश पर हल्का लेखपाल अजीत कुमार ने आरोपी मुंशी गोपाल प्रसाद श्रीवास्तव के खिलाफ हनुमानगंज थाने में केस दर्ज कराया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम नौतार जंगल के मौजा देवीपुर में एसडीएम के निर्देश पर पैमाइश होनी थी। इसके लिए एसडीएम ने टीम भी गठित की थी, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते विवाद खड़ा हो गया।
टीम में शामिल लेखपाल पैमाइश के लिए नहीं पहुंचे और एक प्राइवेट मुंशी को नक्शा व जरीब सौंपकर पैमाइश के लिए भेज दिया।
प्राइवेट मुंशी ने पैमाइश के नाम पर वसूली शुरू कर दी। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम ने हल्का लेखपाल से रिपोर्ट मांगी। लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने लेखपाल अजीत कुमार को आरोपी मुंशी के खिलाफ केस दर्ज कराने का निर्देश दिया।