खड्डा। थाना क्षेत्र के एक व्यापारी से सोना खरीद के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। व्यापारी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर 45 लाख रुपये की ठगी की है। आरोपी ने बड़े फर्म की फर्जी रसीद, नकली सोना दिया है।
पुलिस तहरीर के आधार पर 12 नामजद व अन्य के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचना, फर्जी दस्तावेज बनाने आदि की धारा में प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई में जुटी है। खड्डा कस्बा निवासी व्यवसायी ओमप्रकाश ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि दुकान में स्कीम के तहत मिले कूपन के जरिए सतीश चंद्र दूबे उर्फ मल्लू के कहने पर सोना खरीद में 45 लाख रुपये उन्होंने दिया था।
सतीश चंद्र दूबे ने अपने सहयोगियों से मिलकर उन्हें नकली सोना दिया और प्रसिद्ध कंपनियों की फर्जी रसीद देकर सारा पैसा धोखे से अपने निजी अकाउंट में मंगा लिया। मामला खुलने पर आरोपी ने पीड़ित को नकली को असली सोना होने का फर्जी प्रमाणपत्र भी दे दिया। दबाव बनाने के लिए फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर फोन से उन्हें धमकाया।
शातिरों ने फोन पर कांफ्रेंस कर अपने लोगों को नामी कंपनियों का कर्मचारी होने का झांसा दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सचिन दुबे, सतीश चंद्र दुबे उर्फ मल्लू निवासी गोरखपुर और प्रशांत मणि त्रिपाठी, सत्यप्रकाश मौर्या, आयुष्मान गुप्ता, अमर, सिद्धांत वर्मा, शशांक सिंह, बाला अग्रवाल, देवेंद्र धर दुबे, अभिषेक गुप्ता, चंदन निवासी खड्डा व अन्य शामिल लोगों के विरुद्ध कूट रचना और धोखाधड़ी करने समेत अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस इस मामले में जांच पड़ताल में जुटी है।