कसया। सपहा रोड पर लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर जल जाने से करीब दो हजार की आबादी अंधेरे में है। सोमवार रात आंधी के दौरान ट्रांसफार्मर के एलटी तार उलझ जाने से पूरी रात आपूर्ति बाधित रही। आरोप है कि मंगलवार सुबह विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने बिना पेट्रोलिंग किए आपूर्ति चालू कर दी। इसी लापरवाही के चलते ट्रांसफाॅर्मर जल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहले लाइन की जांच कर आपूर्ति बहाल की जाती तो ट्रांसफार्मर नहीं जलता। ट्रांसफार्मर जलने की सूचना के बाद विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाया। दिनभर कर्मचारी उलझे तारों को ठीक करने और कनेक्शन जोड़ने में जुटे रहे।
मोबाइल ट्रांसफार्मर से आपूर्ति शुरू होते ही उसमें लगा एमसीवी बार-बार ट्रिप करने लगा। उपभोक्ताओं ने मौके पर मौजूद जेई से एमसीवी हटाकर सुचारु आपूर्ति बहाल करने की मांग की, लेकिन आरोप है कि उनकी बात नहीं सुनी गई और बिजली को शिफ्टवार देने का निर्णय ले लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से गर्मी में यहां का ट्रांसफार्मर लगातार जल रहा है, लेकिन उसकी क्षमता बढ़ाने की दिशा में न तो विभागीय अधिकारी गंभीर हैं और न ही जनप्रतिनिधि। एसडीओ राहुल कुमार ने बताया कि दो शिफ्ट में आपूर्ति शुरू कर दी गई है। फिलहाल आधे क्षेत्र में बिजली दी जा रही है, जबकि शेष क्षेत्र में भी जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।