कुशीनगर। कप्तानगंज में इंडेन गैस एजेंसी पर बृहस्पतिवार को डिलेवरी लेने पहुंचे उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। नाराज लोगों ने कप्तानगंज में रामकोला जाने वाली सड़क जाम कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसओ के आश्वासन पर तीन घंटे बाद सड़क जाम समाप्त हो सका।
बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ता कप्तानगंज पुराने इंडेन गैस एजेंसी पर पहुंचे। उपभोक्ताओं का कहना था कि गैस एजेंसी के लोग उन्हें इसी नगर के नई गैस एजेंसी से गैस मिलने की बात कहकर वहां भेज दिए। नई गैस एजेंसी के लोगों ने उपभोक्ताओं से कहा कि उनको वहां से गैस का सिलेंडर नहीं मिल सकता है। इस पर उपभोक्ता फिर पुरानी गैस एजेंसी पर वापस पहुंचे और गैस सिलेंडर की मांग करने लगे। जब सिलेंडर की डिलेवरी नहीं मिली तो उपभोक्ता नाराज होकर कप्तानगंज-रामकोला मार्ग पर जाम लगा दिया। उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी के लोगों पर बेवजह परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब सिलेंडर की डिलेवरी की पर्ची इस ऐजेंसी से मिली है तो गैस भी इसी एजेंसी से मिलनी चाहिए। तीन घंटे जाम के बाद मौके पर पहुंचे कप्तानगंज के एसओ यादवेंद्र पाल ने सभी को आश्वासन दिया कि एसडीएम से वार्ता कर सभी को गैस दिलाई जाएगी।