पडरौना। खरवार बिरादरी के लोगों ने जाति प्रमाणपत्र के मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मुद्दे को लेकर प्रादेशिक खरवार सभा के लोगों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को संबोधित ज्ञापन दिया।
संगठन के जिलाध्यक्ष अमेरिकन खरवार ने बताया कि खरवार जाति का प्रमाणपत्र जारी करने के लिए पूर्व में जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया था। उसके बाद जिला प्रशासन की ओर से जाति प्रमाणपत्र जारी करने के लिए कहा गया था। उसके बाद भी प्रमाण पत्र नहीं जारी किए जा रहे हैं। जिले की सभी तहसीलों में इसके लिए हजारों आवेदन पड़े हुए हैं। कुछ आवेदनों पर लेखपाल और कानूनगो की रिपोर्ट भी लग चुकी है। बावजूद इसके इस बिरादरी के लोगों को उनके हक से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत करने के बाद डीएम की ओर से सभी तहसीलों के जिम्मेदार लोगों से स्पष्टीकरण मांगा गया था। उन्होंने कहा कि इस बारे में बार-बार अवगत कराने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। शासनादेश का अनुपालन नहीं कराया जा रहा है। इस कारण खरवार जाति के विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है, अन्य लोगों को भी सरकार की कई योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही प्रमाणपत्र नहीं जारी किया गया तो 26 दिसंबर को जिला मुख्यालय पर संगठन और इस बिरादरी के लोग अनिश्चिकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में रविंद्र खरवार, प्रमोद, घनश्याम खरवार, मिथिलेश खरवार, अरविंद खरवार और राधाकृष्ण मौजूद थे।