कसया। मैत्रेय का शिलान्यास एयरस्ट्रिप पर नहीं बल्कि परियोजना के लिए अधिग्रहीत भूमि पर होगा। पहले शिलान्यास के लिए एयरस्ट्रिप को प्रस्तावित किया गया था। बुधवार को मुख्यमंत्री जिले में आए तो उन्होंने अधिकारियों को 13 दिसंबर को अधिग्रहीत भूमि पर शिलान्यास की तैयारियां शुरू करने का निर्देश दिया।
देर शाम को कमिश्नर जेपी गुप्ता, डीआईजी एमडी कर्णधार, डीएम रिग्जियान सैंफिल और एसपी ललित कुमार सिंह अधिग्रहीत भूमि पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को रामाभार स्तूप के समीप की भूमि पर शिलान्यास की तैयारियां शुरू करने का निर्देश दिया। शिलापूजन के बाद मुख्यमंत्री स्थल पर एक सभा भी करेंगे। मैत्रेय के निदेशक लामा जोपा रिनपोछे भी प्रमुख बौद्ध भिक्षुओं के साथ शिलान्यास समारोह में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री और लामा रिनपोछे अलग-अलग हेलीकॉप्टर से आएंगे। लैंडिग के लिए कार्यक्रम स्थल और लीलावती देवी स्टेडियम में हैलीपैड बनेगा। हालांकि, मुख्यमंत्री के हवाई जहाज को कसया एयरस्ट्रिप पर लैंड कराने का सुझाव आया पर कमिश्नर ने सुरक्षा कारणों से इसे खारिज कर जहाज की लैंडिग गोरखपुर कराने की बात कही। कमिश्नर ने गोरखपुर से सीएम को हेलीकॉप्टर से कुशीनगर आने को ठीक बताया। उच्चाधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रेमप्रकाश को कार्यक्रम के अनुरूप मंच, वीआईपी गैलरी, प्रेस गैलरी, ऑफिसर गैलरी, हेलीपैड का निर्माण शुरू करने का निर्देश दिया। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कृष्णा करुणेश, एडीएम डॉ. अखिलेश मिश्र, सीओ बलराम चौरसिया, तहसीलदार राजेश कुमार राय, एसओ ओपी राय आदि उपस्थित रहे।