रामकोला। कच्ची शराब बेचने वाले को पकड़कर छोड़े जाने के मामले में गांव वालों ने तहरीर देकर उसके और उसके संरक्षणदाता के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। कच्ची शराब बेचने पर रोक लगाने के लिए रविवार को थाने पर गांव वालों के साथ प्रधान भी पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि रामकोला थाने के गांव कुसम्हा के टोला रगड़गंज बाजार में कच्ची बनाने और बेचने का धंधा पुराना है। इसी गांव के एक टोला बिरौली निवासी श्यामदेव यादव ने कच्ची के नशे में अपने ही बेटे को चाकू मार दिया था। इससे उसकी मौत हो गयी थी। श्यामदेव आज भी जेल में है। अपना भाई खो चुके ब्रह्मप्रकाश यादव ने भी तहरीर देकर उन्हीं कारोबारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है, जिनके चलते उनके बड़े भाई की हत्या उनके पिता श्यामदेव के हाथ ही हो गयी थी। शनिवार को दिन के एक बजे गांव वालों ने इसी टोले के एक व्यक्ति के साथ रगड़गंज निवासी एक व्यक्ति को छोटी गंडक नदी के घिनहरिया घाट के पास स्थित कर्बला के पास कच्ची बेचने की सूचना हलके के सिपाहियों को दी। सिपाही मौके पर पहुंचे और 15 लीटर शराब के साथ दोनों को पकड़ लिए। इसके बाद उन्हें रगड़गंज चौकी लाए। गांव वालों ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पुलिसवालों ने उनसे मोटी रकम लेकर चौकी से छोड़ दिया। गांव वालों के अलावा इस संबंध में रामकोला के एसओ का कहना है कि मामले की वह खुद जांच करेंगे। जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।