फीडर का फ्यूज उड़ा, नौ घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप
तमकुहीरोड (कुशीनगर)। सेवरही कस्बे के फीडर का फ्यूज उड़ने से मंगलवार की रात 11 बजे से बुधवार की सुबह करीब आठ बजे तक कस्बे में बिजली आपूर्ति ठप रही। करीब नौ घंटे बिजली बाधित होने से छठ महापर्व के व्रती महिलाओं समेत अन्य लोगों को काफी परेशानियों से गुजरना पड़ा। जलापूर्ति न होने से लोग मुश्किलों में रहे।
बुधवार को सुबह 7.45 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
सेवरही कस्बा के स्वर्ण नगर, आजाद नगर, पटेल नगर, गांधी नगर, सुबाष नगर, किदवई नगर, मालवीय नगर, तुलसी नगर, शास्त्री नगर, जवाहर नगर, राजेंद्र नगर, आंबेडकर नगर समेत अन्य मोहल्लों में मंगलवार की रात से ही छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। रात करीब 11 बजे अचानक बिजली गुल हो गई।
बुधवार सुबह विद्युत कर्मचारियों ने फाल्ट खोजना शुरू किया तो पता चला कि टाउन फीडर का मोटा फ्यूज बांधने से सिस्टम फाल्ट कर गया है। विद्युत कर्मियों ने इस फाल्ट को ठीक कर 7.45 बजे कस्बा में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। तमकुहीरोड के जेई विकास कुमार साहनी ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते बिजली आपूर्ति ठप हुई थी। उसे ठीक कर कस्बे में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।