रामकोला रोड स्थित एक होटल में आयोजित मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह कार्यक्रम में वर-बधू को आर्शिव
- फोटो : Archive
पडरौना। शहर के रामकोला रोड स्थित एक होटल में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में 113 जोड़े एक-दूजे के हो गए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 87 जोड़ों का विवाह हुआ। 26 जोड़ों ने निकाह पढ़ा। अंत में सभी वैवाहिक जोड़ों को गृहस्थी का सामान देकर विदा किया गया।
मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए प्रदेश सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी पहल है। इस योजना से गरीब परिवारों को विवाह के अवसर पर आर्थिक सहायता मिलने के साथ सामाजिक सम्मान भी प्राप्त होता है। विशुनपुरा ब्लॉक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक प्रत्यूष सिंह आदि ने उन्हें सुखद एवं वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने दी सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया। इस दौरान पडरौना बीडीओ केके राय, विशुनपुरा बीडीओ अखंड प्रताप सिंह, हिमालय कुशवाहा, पुनीत यादव, बबलू कुशवाहा आदि मौजूद रहे।