शहर के अधिकांश एटीएम खाली, ग्राहक परेेशान
- दोपहर बाद कुछ एटीएम में डाले गए रुपये, कुछ देर बाद हो गए खाली
फोटो है।
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। शहर के दो-तीन एटीएम को छोड़कर रविवार को कई एटीएम के शटर बंद रहे, जिनके शटर खुले थे, उनमें रुपये नहीं थे। इसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि दोपहर बाद कुछ एटीएम में रुपये डाले गए तो लोगों को थोड़ी राहत मिली, लेकिन एक-दो घंटे बाद ही उनमें भी कैश समाप्त हो गया।
पडरौना शहर में एसबीआई, पीएनबी, इलाहाबाद बैंक, सेंट्रल बैंक, यूनियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, ऐक्सिस बैंक, आईसीआईसी बैंक सहित अनेक बैंकों के एटीएम बूथ हैं। इनकी तरफ से नगर में करीब 40 एटीएम लगाए गए हैं। खाद, सिंचाई, दवा सहित विभिन्न जरूरतों से एटीएम पर गए लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। पडरौना क्षेत्र के मटिहनिया गांव के निवासी विमलेश कुमार यादव ने बताया कि धान की फसल में खाद डालने के लिए रुपये की जरूरत थी। एटीएम से कैश निकालने पहुंचे, लेकिन शहर के ज्यादातर एटीएम खाली थे। इसके कारण रुपये नहीं निकल पाए। इसी तरह शिवपुर के रिंकू जायसवाल, नितेन विश्वकर्मा, पडरौना के सुनील कुमार मद्घेशिया, हिमांशु कुशवाहा भी एटीएम से रुपये निकालने आए थे, लेकिन उन्हें कैश के बिना ही घर लौटना पड़ा।