लक्ष्मीगंज। खोटहीं गांव के प्रगतिशील किसान राजकिशोर सिंह को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से बुलावा आया है। वे शुक्रवार को नई दिल्ली में पीएम आवास पर गन्ना किसानों के प्रतिनिधि के तौर पर प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी से रूबरू होंगे। राजकिशोर सिंह पीएम के सामने गन्ना किसानों की समस्या को पूरी मजबूती व तर्कों के साथ रखने की तैयारी में जुट गए हैं।
रामकोला ब्लॉक के खोटहीं गांव के प्रगतिशील किसान राजकिशोर सिंह भारतीय किसान संघ से जुड़े हैं। वह गन्ने की खेती के अलावा पशुपालन भी करते हैं। राजकिशोर ने बताया कि 29 जून को दोपहर एक बजे प्रधानमंत्री से बातचीत करने के लिए उन्हें पीएमओ की ओर से न्योता मिला है। उन्होंने बताया कि उन्हें एसएमएस के अलावा राजपाल तोमर ने व्यक्ति रूप से फोन कर इस कार्यक्रम में आने को कहा है। भाजपा मुख्यालय से भी बुधवार को फोन आया था।
पीएम से मिलने का मौका मिलने से उत्साहित राजकिशोर ने बताया कि वह प्रधानमंत्री के सामने क्षेत्र के गन्ना किसानों की समस्याओं को रखेंगे। इसमें चीनी मिलों की बंदी से किसानों को हो रही दिक्कत, गन्ना मूल्य भुगतान, गन्ने की कीमत आदि विषय शामिल होंगे। इसके लिए भाजपा की सहयोगी संगठन भारतीय किसान संघ से जुड़े राजकिशोर गन्ना किसानों से संबंधित आंकड़े एकत्रित करने में जुटे हैं। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री को कुशीनगर के गन्ना किसानों की समस्या से अवगत कराते हुए उनके निराकरण के लिए किए जाने वाले उपाय भी सुझाएंगे, जिससे कि किसानों की तकदीर बदल सके।