विशुनपुरा ब्लॉक के बेलवा बाबूराम गांव के निवासी विनोद शर्मा की छह वर्षीया बेटी रिमझिम की बृहस्पतिवार की रात मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। रिमझिम बीते शनिवार को बुखार से ग्रसित हुई थी। परिवारीजन उस दिन गांव में ही इलाज कराए और रविवार को जिला अस्पताल ले गए। इंसेफेलाइटिस की चपेट में आई बच्ची की हालत में सुधार होता नहीं दिखा तो सोमवार को उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां भर्ती कर उसका इलाज चल रहा था, इसी दौरान रात लगभग नौ बजे उसने दम तोड़ दिया।
रिमझिम की मौत की सूचना मिलने पर डॉक्टर एडीबीपीएन सिंह की अगुआई में विशुनपुरा ब्लॉक से स्वास्थ्य विभाग की टीम शुक्रवार को गांव में पहुंची। टीम में डॉक्टर वीरेंद्र शर्मा, शिप्रा, सौरभ समीर और एएनएम रेनू मिश्रा शरीक थीं। गांव में श्वेता, सत्यम, आयुष, करीना, अंकिता, विशाल, बिट्टू और सिप्पू अस्वस्थ पाए गए। टीम में मौजूद डॉक्टरों ने जांच करने के बाद बच्चों को दवाएं दीं। हैंडपंपों और नालियों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया गया। इसके अलावा हेल्थ टीम ने खजुरिया और सरपतही खुर्द गांव के बहेरा टोला में भी जाकर लोगों की सेहत की जांच की। बीते अक्टूबर माह में खजुरिया गांव की पांच वर्षीया छोटी और बहेरा में करन, रेनू और बीतेे सोमवार को प्रीति इंसेफेलाइटिस की वजह से जान गंवा चुके हैं।
डॉक्टर एडीबीपीएन सिंह ने बताया कि जांच के दौरान बच्चे डायरिया अथवा वायरल बुखार से पीड़ित मिले हैं। लोगों को खानपान में सावधानी और मच्छरों से बचाव के उपाय करने की आवश्यकता है। दूसरी ओर शाम को मृतका रिमझिम की मां सरोज उम्र 30 वर्ष और स्वेता की हालत बिगड़ गई तो उन्हें घरवाले जिला अस्पताल ले गए। इस संबंध में सीएमओ डॉक्टर अखिलेश कुमार का कहना है कि शनिवार को गांव में विशेष स्वास्थ्य टीम भेजी जाएगी।