पावानगर इंटर कॉलेज से बाहर निकलते अभ्यर्थी। संवाद
पडरौना। कड़ी सुरक्षा के बीच जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को शांतिपूर्ण माहौल में आरओ, एआरओ की परीक्षा संपन्न हुई। इस परीक्षा में 46.25 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 53.75 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। डीएम और एसपी समेत अन्य अधिकारी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर जिला प्रशासन की तरफ से तैनात सभी मजिस्ट्रेट और केंद्र के बाहर पुलिस कर्मी तैनात रहे।
जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर आरओ/एआरओ की परीक्षा के लिए कुल 8483 प्रतिशत परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 3785 परीक्षार्थी आरओ/एआरओ की परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 4398 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस तरह पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 46.25 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 53.75 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से खास तैयारी की गई थी। परीक्षा में होने वाली गड़बड़ी पकड़ने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से एआई का सहारा लिया गया था। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर नोडल अधिकारी के अलावा मजिस्ट्रट तैनात किए गए थे, वहीं परीक्षा केंद्रों के बाद भारी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात दिखे। वहीं परीक्षा से छूटने के बाद परीक्षार्थियों को आवागमन में दिक्कत न हो इसके लिए यातायात पुलिस और होमगार्ड के जवानों को जगह-जगह तैनात किए गए थे। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि रविवार को जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित आरओ/एआरओ की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। परीक्षा में कुल 46.25 फीसदी परीक्षार्थी शामिल हुए हैं। किसी भी परीक्षा केंद्र पर कोई भी नकलची नहीं पकड़ गया है।