पडरौना। जिले के 50 प्रगतिशील किसानों का दल मंगलवार को श्री अन्न (मिलेट्स) की आधुनिक खेती और प्रसंस्करण की तकनीक सीखने के लिए मध्य प्रदेश के जबलपुर रवाना हुए। विकास भवन परिसर में सीडीओ ने बस को हरी झंडी दिखाकर किसानों के दल को रवाना किया।किसान जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर में पांच दिवसीय ऑन-साइट अध्ययन एवं प्रशिक्षण में शामिल होंगे। इस दौरान उन्हें श्री अन्न की उन्नत उत्पादन तकनीक, फसल प्रबंधन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और उत्पादों के विपणन से जुड़ी आधुनिक जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को मिलेट्स की खेती की नई तकनीकों से परिचित कराकर जिले में श्री अन्न के उत्पादन को बढ़ावा देना है। सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का लाभ केवल उन्हीं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। किसान वापस लौटकर जिले के अन्य कृषकों को भी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दें और उन्हें श्री अन्न की खेती के लिए प्रेरित करें। इससे अधिक से अधिक किसान इस खेती से जुड़ सकेंगे और योजना का उद्देश्य पूरा होगा।
इस दौरान उप कृषि निदेशक अतींद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी एके दुबे, भूमि संरक्षण अधिकारी सुदीप वर्मा, राघवेंद्र सिंह, कमलेश यादव आदि मौजूद रहे।