कुशीनगर। क्षेत्रीय विधायक की पहल पर दुदही को टाउन एरिया बनाने की कवायद तेज हो गई है। शासन ने पुराने प्रस्ताव की फाइल वापस डीएम कार्यालय को भेजकर 15 दिन में इस पर रिपोर्ट मांगी है। लोगों को उम्मीद है कि इस बार दुदही को टाउन एरिया का दर्जा अवश्य मिल जाएगा।
ब्लॉक मुख्यालय होने के नाते दुदही बाजार में विभिन्न विभागों के सरकारी दफ्तर तो हैं ही, साथ ही रेलवे स्टेशन, बैंक, स्कूल आदि भी हैं। सीमावर्ती बिहार प्रांत के अलावा बड़ी गंडक नदी के किनारे बसे गांवों के तमाम लोग भी इस बाजार में आकर बस चुके हैं। अब दुदही ग्राम पंचायत के अलावा पडरौन मड़रही, बांसगांव और बड़हरा की तमाम जमीनों पर भी लोगों ने घर बना लिया है। इनको मिलकार दुदही बाजार की आबादी 30 हजार से ज्यादा हो चुकी है। लोग लंबे समय से इस बाजार को टाउन एरिया का दर्जा दिलाने की मांग कर रहे हैं। फाजिलनगर के विधायक गंगा सिंह कुशवाहा ने पिछली सरकार में ही इसको टाउन एरिया का दर्जा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन दिया था। इसके बाद शासन ने इस संदर्भ में कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन बाद में पत्रावली को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद एक बार फिर तेजी आई है। विधायक के प्रयास के बाद व्यापार मंडल के प्रतिनिधि के रूप में मनोज कुंदन कुछ दिन पहले सचिवालय गए थे और पत्रावली की स्थिति की जानकारी ली थी। इस बीच नगर विकास विभाग ने इससे संबंधित पत्रावली को फिर से डीएम कार्यालय भेजी है। बताया जा रहा है कि एक पखवारे के भीतर टाउन एरिया के मानक के अनुरूप आबादी आदि की जांच कर रिपोर्ट के साथ पत्रावली शासन को भेजी जानी है।
इस संबंध में विधायक गंगा सिंह कुशवाहा का कहना है कि फाजिलनगर व दुदही को टाउन एरिया का दर्जा दिलाने संबंधी उनकी मांग पर फिर कार्रवाई शुरू हो चुकी है। जरूरी औपचारिकताएं पूर्ण होते ही इन दोनों बाजारों को टाउन एरिया का दर्जा मिल जाएगा।