38 नामजद और दो सौ अज्ञात पर केस
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना।कोतवाली क्षेत्र के बसहिया गांव में स्लाटर हाउस संचालित होने की सूचना पर पहुंची पुलिस पर पथराव के मामले में रविवार को एक व्यक्ति गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में 38 नामजद और डेढ़ से दो सौ अज्ञात लोगों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज किया है। रविवार को भी पुलिस के भय से बहुत से लोग घर छोड़कर बाहर रहे। गांव में सन्नाटा छाया रहा।
बसहिया गांव अवैध रूप से स्लाटर संचालित होने तथा मांस की बिक्री के लिए चर्चित रहा है। कई बार इस गांव में पुलिस छापा भी मार चुकी है। शनिवार को गांव में एक व्यक्ति के यहां स्लाटर हाउस संचालित होने की सूचना पर दोपहर करीब एक बजे पहुंची कोतवाली पुलिस को गांववालों के विरोध के चलते वापस लौटना पड़ा था। पथराव के चलते कोतवाल की जीप भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसके बाद पुलिस फोर्स और पीएसी के साथ पहुंची कोतवाली पुलिस तथा गांववालों के बीच काफी देर तक संघर्ष हुआ था। गांववालों की तरफ से पथराव भी हुआ। बहुत से लोग अपने घरों में ताला बंद कर खेतों, उपासना गृह और रेलवे लाइन के आसपास जाकर छिप गए।
मौके पर एडीएम कृष्णलाल तिवारी, एएसपी लालसाहब यादव, सीओ सदर श्रीशचंद्र, कोतवाल रायसाहब यादव सहित काफी संख्या में पुलिस एवं पीएसी के जवान मौजूद रहे। अफसरों के समझाने के बाद धीरे-धीरे मामला शांत हुआ। रात में पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर दबिश देनी शुरू कर दी। रविवार को पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के भय से गांव के बहुत से लोग रविवार को भी अपने घरों में ताला बंद कर बाहर रहे। इस कारण गांव में सन्नाटा पसरा रहा। पडरौना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राय साहब यादव ने बताया कि रविवार की सुबह बसहिया के हसमुद्दीन नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में एसपी राजू बाबू सिंह का कहना था कि पुलिस पर पत्थर चलाने के आरोप में 38 नामजद और डेढ़-दो सौ अज्ञात लोगों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।