गुरवलिया बाजार (कुशीनगर)। विभागीय मनमानी और लापरवाही के कारण परिषदीय स्कूलों की व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। फाजिलनगर ब्लाक के ग्राम पंचायत लवकुश पूरब पट्टी का प्राथमिक विद्यालय एक सितम्बर से ही बंद चल रहा है। बच्चे विद्यालय खुलने की उम्मीद में रोज आते हैं और ताला बंद देखकर घर लौट जाते हैं। आश्चर्य तो यह है कि विभाग को स्कूल में पढ़ाई बंद होने की जानकारी तक नहीं है।
प्राथमिक विद्यालय लवकुश पूरब पट्टी में एक सहायक अध्यापक और एक समायोजित शिक्षा मित्र की तैनाती है। समायोजित शिक्षा मित्र पुष्पा सिंह कोर्ट के फैसले के बाद से ही विद्यालय नहीं आ रही हैं। प्रभारी प्रधानाध्यापक अनुपमा प्रजापति भी बीते एक सितम्बर को मातृत्व अवकाश पर चली गईं। तब से विद्यालय में ताला बंद है। विद्यालय बंद होने से अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चे हर दिन स्कूल जाते हैं और कुछ देर तक खेलने के बाद वापस घर लौट आते हैं। विभाग को भी विद्यालय में ताला लगे होने के बारे में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं किया गया।
इस संबंध में बीएसए हेमंत राव का कहना है कि विद्यालय बंद रहने की जानकारी नहीं थी। जल्दी ही वहां के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराकर पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। एनपीआरसी समन्वयक और बीईओ से भी इस संबंध में जानकारी मांगी जाएगी।