गुरवलिया बाजार (कुशीनगर)। तमकुहीराज तहसील के ग्राम पंचायत मछरिया दलजीत कुंवर के टोला बसंत भारती में कोटेदार पर कार्रवाई की मांग को लेकर चल रहा भूख हड़ताल एवं धरना शुक्रवार को समाप्त हो गया। क्षेत्रीय विधायक के साथ पहुंचे एसडीएम ने कोटे की दुकान को निलम्बित करने की जानकारी देकर अनशन खत्म कराया।
मछरिया दलजीत कुंवर गांव के लोग ग्राम प्रधान की अगुवाई में चार दिन से कोटेदार के खिलाफ धरना व अनशन पर बैठे थे। लोगों का आरोप था कि जांच में गड़बड़ी की पुष्टि के बाद भी कोटेदार पर कार्रवाई नहीं हो रही है। शुक्रवार को विधायक गंगा सिंह कुशवाहा और एसडीएम तमकुहीराज गुलाब चंद गांव पहुंचे। लोग कार्रवाई की मांग पर अड़े थे। विधायक व उपस्थित लोगों की मौजूदगी में एसडीएम ने दुकान निलंबित किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया। विधायक ने जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया।
इस मौके पर प्रधान बृजेश यादव, रामबृक्ष गिरि, महेन्द्र उपाध्याय, रसूल अंसारी, सुमेसर गुप्ता, टुनटुन, दुनमुन गुप्ता, गोपाल, हृदयानन्द, सूर्यनारायण, रमाकान्त, मालती देवी, सरोज देवी, गायत्री देवी समेत गांव के तमाम लोग मौजूद थे।