पडरौना। उदित नारायण इंटर कॉलेज में बीते चार दिनों से चल रहे मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण में अब तक 31 कार्मिक अनुपस्थित रहे हैं। इन्हें जिला प्रशासन ने शनिवार को अंतिम अवसर देते हुए प्रशिक्षण के लिए बुलाया है। इसके बाद भी प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ गुंजन द्विवेदी ने बताया कि बीते 23 अप्रैल से चल रहे मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण में 26 अप्रैल तक कुल 31 मतदान कार्मिक अनुपस्थित रहे हैं। इनमें 14 पीठासीन अधिकारी और 17 मतदान अधिकारी प्रथम शामिल हैं। इन्हें अंतिम अवसर देते हुए शनिवार को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि अनुपस्थित इन मतदान कार्मिकाें का प्रशिक्षण सुबह दस बजे से एक बजे के बीच उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद भी अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।