जानकीनगर। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार की संस्था, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) ई गवर्नेन्स के दिशा-निर्देशों एवं प्रबंधन स्तर पर लिए गए निर्णय के क्रम में जिले में लगभग 300 सीएससी आईडी को अस्थायी रूप से ब्लॉक किया गया है। अधिकांश सीएससी गांवों व छोटे कस्बों के नाम पर एलाट कराने के बाद शहर या दूसरे स्थानों पर उनका संचालन होता है।
सीएससी के जिला प्रबंधक गौरव पांडेय ने सीएससी संचालकों से शांति एवं धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि प्रबंधन की ओर से यह कार्रवाई ग्राउंड लेवल पर सीएससी संचालन में पाई गई अनियमितताओं एवं संभावित फ्रॉड की गतिविधियों को रोकने तथा सीएससी सेवाओं को निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित कराने के उद्देश्य से की गई है। जांच के दौरान ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें कुछ वीएलई द्वारा सीएससी आईडी का संचालन स्वीकृत/अप्रूवल लोकेशन से अलग स्थान पर किया जा रहा था अथवा सीएससी केंद्र की वास्तविक स्थिति एवं पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी में अंतर पाया गया। ऐसी गतिविधियों को रोकना आवश्यक है, ताकि सीएससी सेवाओं का संचालन पारदर्शी एवं सुरक्षित तरीके से हो सके।