जरार बिजली उपकेंद्र का घेराव कर अघोषित बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन करते उपभोक्ता।स्रोत-सो
मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के जरार बिजली उपकेंद्र केंद्र से जुड़े गांवों में दस दिनों से रात के समय हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शाम होते ही बिजली ठप हो जाती है और देर रात करीब दो बजे तक बिजली गुल रहने से उमस भरी गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद कटौती बंद नहीं होने से नाराज उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर बृहस्पतिवार को हंगामा किया और जरार बिजली उपकेंद्र का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया।
उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह के अंदर सुधार नहीं हुआ तो सड़क जाम कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। घेराव की सूचना पर अवर अभियंता उपकेंद्र पर नहीं पहुंचे थे। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी थी।
उपभोक्ताओं का कहना है कि रात में घंटों बिजली नहीं रहने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर विरोध जताया। जरार के टीजी-2 ओमकार पटेल को ज्ञापन सौंपकर रात के समय हो रही कटौती बंद कराने तथा नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के अंदर रात के समय होने वाली अघोषित बिजली कटौती में सुधार नहीं हुआ तो वे सड़क जाम कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।