शौचालय के टैंक में दम घुटने से दो भाइयों समेत तीन की मौत
मृतकों में दो बिहार तथा एक कसया का निवासी था
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। पडरौना की आवास विकास कॉलोनी में बृहस्पतिवार को शौचालय के टैंक में दम घुटने से दो भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने टैंक खाली करवाकर तीनों शवों को बाहर निकलवाया। सूचना पर एसपी, एसडीएम सदर और पडरौना नगर के चेयरमैन मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
आवास विकास कॉलोनी फेज-3 निवासी दयाशंकर सिंह ने शौचालय का टैंक साफ कराने के लिए ट्रैक्टर और टैंकर मंगाया था। शाम चार बजे पीडब्ल्यूडी पडरौना का स्वीपर रवि (35) निवासी गायत्री नगर पडरौना अपने छोटे भाई छोटेलाल (30) के साथ सफाई के लिए पहुंचा। रवि मूल रूप से बिहार के पश्चिमी चंपारण का रहने वाला था। सफाई के लिए छोटेलाल टैंक में उतरा लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकला। अंदर से आवाज नहीं आने पर रवि टैंक में उतरा, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकला। इसके बाद मकान मालिका का चालक संजय मद्धेशिया (40) निवासी शिवपुर, कसया टैंक में उतरा। थोड़ी देर अंदर से आवाज नहीं आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने टैंक खाली कराकर करीब सवा पांच बजे पहले संजय, फिर रवि व छोटेलाल के शव को बाहर निकलवाया। दयाशंकर सिंह ठेकेदार हैं। वह लोक निर्माण विभाग से सड़क बनाने का ठेका लेते हैं। संजय करीब सात साल से उनकी कार चलाता था।
----
कोट-
- सफाई करने के लिए शौचालय के टैंक में उतरे तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- धवल जायसवाल, एसपी