जानकारी के मुताबिक, बरडीहा गांव निवासी शिवधर यादव के 24 वर्षीय पुत्र संदीप यादव को शनिवार रात करीब 11 बजे कोई घर से बुलाकर ले गया। परिजनों के अनुसार संदीप ने किसी को अपने जाने की जानकारी नहीं दी थी। रात करीब एक बजे संदीप के मोबाइल से गांव के ही एक युवक के पास कॉल आई।
फोन करने वाले ने बताया कि संदीप गांव स्थित मोबाइल टावर के पास पुलिया पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। जब लोग मौके पर पहुंचे तो संदीप मृत मिला। सूचना पर अहिरौली बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। गांव में किसने बुलाया और क्यों हत्या की गई, इसकी जांच की जा रही है।